आज का युग

आज का युग
27 नवम्बर, 2026
इसमें कोई संदेह नहीं कि आज का युग व्यस्तताओं से भरा हुआ है। आज यदि किसी के पास किसी चीज की कमी है, तो वह है समय की। किसी के घर जाने से पहले भी हम कई बार सोचते हैं। मन में यह विचार आता है कि पता नहीं, इस समय वहाँ जाना उचित होगा या नहीं। पहले शायद ऐसी झिझक नहीं होती थी। अब तो स्थिति यह है कि बिना किसी विशेष या आवश्यक काम के किसी के यहाँ जाना भी सहज नहीं रह गया है।
आज आप गौर कीजिए कि आपके दरवाजे पर कौन दस्तक देता है। या तो अखबार वाला होगा, या दूध वाला, अथवा Blinkit/Amazon का डिलीवरी मैन, जो आपके ऑर्डर की सामग्री पहुँचाने आया है। इनके अतिरिक्त भी कोई व्यक्ति किसी विशेष प्रयोजन से ही आपके यहाँ आता है।
एक समय था जब कोई मित्र या यहाँ तक कि मोहल्ले में रहने वाला कोई परिचित भी आपके घर के सामने से गुजरते हुए बिना किसी विशेष कारण के यूँ ही दरवाजा खटखटा देता था। फिर आपके साथ बैठकर दो-चार बातें करता, हाल-समाचार पूछता और चला जाता था। अब न उसके पास इतना समय है और न ही शायद आपके पास।
दूसरी ओर, अब बिना बताए किसी के घर पहुँच जाना लोग अपनी Privacy में हस्तक्षेप मानने लगे हैं। इसलिए किसी के यहाँ जाना आवश्यक भी हो, तो लोग पहले फोन करके उसकी सुविधा और सहमति जान लेना उचित समझते हैं।
सार्वजनिक एवं सामूहिक जीवन में आया यह परिवर्तन अचानक नहीं हुआ है। इसके पीछे हमारी प्रगति की एक कीमत भी छिपी है। विकास और आगे बढ़ने की दौड़ में हमने आपसी मेलजोल के लिए उपलब्ध समय की कहीं न कहीं कुर्बानी दी है। धीरे-धीरे इसका प्रभाव हमारे स्वभाव और व्यवहार पर भी पड़ा है। लोग मेलजोल और अनौपचारिक बातचीत को, जिसके लिए पहले सहज ही समय निकाल लिया जाता था, अब अनावश्यक और समय की बर्बादी समझने लगे हैं। यह धारणा कुछ हद तक उचित भी हो सकती है, क्योंकि ऐसी मुलाकातों में होने वाली चर्चाओं की विषयवस्तु प्रायः तब भी बहुत उपयोगी नहीं होती थी और आज भी नहीं होती।
किंतु इस परिवर्तन का एक नकारात्मक परिणाम अवश्य सामने आया है। लोग धीरे-धीरे अधिक आत्मकेंद्रित होते गए और सामाजिक मेलजोल के अवसर कम होने के साथ ही अकेलापन भी बढ़ता गया।
इस प्रकार हमने भौतिक प्रगति और आर्थिक समृद्धि तो हासिल की, लेकिन इसकी प्रक्रिया में सामाजिक आत्मीयता और सहज मानवीय संबंधों का कुछ हिस्सा पीछे छूट गया।
शायद आज के युग की एक विडंबना यही है कि हमारे पास एक-दूसरे से संपर्क करने के साधन पहले से कहीं अधिक हैं, लेकिन एक-दूसरे के पास बैठने और कुछ पल साथ बिताने का समय पहले से कम है।
प्रगति आवश्यक है, निजता भी आवश्यक है; लेकिन इन दोनों के बीच सहज मानवीय संबंधों और आत्मीयता के लिए भी थोड़ी जगह बची रहनी चाहिए।
— राजीव रंजन प्रभाकर

Comments

Popular posts from this blog

साधन चतुष्टय

जिन मुश्किलों में मुस्कुराना हो मना

रामचरितमानस में पर्यावरणतत्व का दिग्दर्शन