धैर्य

धैर्य
मनुष्य के जीवन में धैर्य का अत्यंत महत्त्व है। यह केवल प्रतीक्षा करने अथवा विपरीत परिस्थितियों को सहन करने का गुण नहीं, बल्कि व्यक्ति के आत्मबल, विवेक और चरित्र की भी कसौटी है।
वीरता मनुष्य का एक महत्त्वपूर्ण गुण है। वीरता के बिना व्यक्ति अपने परिवार, समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं कर सकता। किंतु केवल वीर होना पर्याप्त नहीं है। वीरता के साथ धैर्य, आत्मसंयम और विवेक का होना भी आवश्यक है।
कल्पना कीजिए कि कोई व्यक्ति वीर है। उसके पास शारीरिक शक्ति है, सामर्थ्य है और अपनी बात मनवाने की क्षमता भी है। लेकिन यदि वह छोटी-छोटी बातों पर अपना आपा खो देता है, प्रतिकूल परिस्थितियों में तत्काल उत्तेजित हो जाता है अथवा अपनी शक्ति का प्रयोग दूसरों को आहत करने के लिए करता है, तो ऐसी वीरता का औचित्य क्या है?
इसी प्रकार यदि कोई व्यक्ति अपने पद, प्रतिष्ठा अथवा आर्थिक सामर्थ्य के बल पर दूसरों को दबाने या अपमानित करने का प्रयास करता है, तो यह उसकी सामर्थ्य का सदुपयोग नहीं, बल्कि उसके अहंकार और आत्मसंयम के अभाव का परिचायक है।
वास्तविक वीरता केवल अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने में नहीं, बल्कि उस पर नियंत्रण रखने और उसका उचित उपयोग करने में है। अपनी बात मनवाने की क्षमता शक्ति हो सकती है, लेकिन दूसरे की बात धैर्यपूर्वक सुन सकना आत्मसंयम है। प्रतिकार करने का सामर्थ्य पराक्रम हो सकता है, लेकिन यह विवेक रखना कि प्रतिकार कब और कितना आवश्यक है, वास्तविक बुद्धिमत्ता है।
यहाँ यह भी समझना आवश्यक है कि धैर्य का अर्थ अन्याय और अत्याचार को चुपचाप सहते रहना नहीं है। जहाँ प्रतिरोध आवश्यक हो, वहाँ प्रतिरोध करना भी वीरता है। किंतु प्रतिरोध का उद्देश्य न्याय की स्थापना और अन्याय का निराकरण होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत अहंकार की संतुष्टि अथवा प्रतिशोध की भावना।
संस्कृत का एक सुभाषित इस संदर्भ में अत्यंत सार्थक और विचारणीय है—
विद्या विवादाय धनं मदाय शक्तिः परेषां परिपीडनाय। खलस्य साधोर्विपरीतमेतद् ज्ञानाय दानाय च रक्षणाय॥
अर्थात् दुर्जन व्यक्ति विद्या का उपयोग विवाद करने, धन का उपयोग अहंकार प्रदर्शित करने और शक्ति का उपयोग दूसरों को पीड़ित करने में करता है; जबकि सज्जन व्यक्ति इन्हीं साधनों का उपयोग ज्ञान के प्रसार, दान और दूसरों की रक्षा के लिए करता है।
इस सुभाषित का निहितार्थ यह है कि किसी व्यक्ति के पास उपलब्ध साधन अथवा उसकी सामर्थ्य अपने आप में उसके व्यक्तित्व की श्रेष्ठता का प्रमाण नहीं हैं। उनका उपयोग किस उद्देश्य से और किस प्रकार किया जाता है, यही उसके संस्कार और चरित्र को प्रकट करता है।
धैर्य और वीरता दोनों ही मनुष्य के महत्त्वपूर्ण गुण हैं। ये गुण संस्कारों, अनुभवों, आत्मविश्लेषण और निरंतर अभ्यास से विकसित एवं परिष्कृत होते हैं। समय और परिस्थितियों के प्रभाव से मनुष्य के स्वभाव में परिवर्तन संभव है। अतः अपने व्यवहार और प्रतिक्रियाओं का समय-समय पर आत्मावलोकन करना आवश्यक है।
वस्तुतः वीरता का मूल्य केवल इस बात से निर्धारित नहीं होता कि व्यक्ति कितना शक्तिशाली है, बल्कि इससे भी निर्धारित होता है कि वह अपनी शक्ति का उपयोग कितना संयमित, विवेकपूर्ण और लोकहितकारी ढंग से करता है।
शक्ति का होना सामर्थ्य है, उसका प्रदर्शन पराक्रम हो सकता है, किंतु उस पर नियंत्रण और उसके सदुपयोग का विवेक ही वास्तविक वीरता है।
— राजीव रंजन प्रभाकर

Comments

Popular posts from this blog

साधन चतुष्टय

जिन मुश्किलों में मुस्कुराना हो मना

रामचरितमानस में पर्यावरणतत्व का दिग्दर्शन