अपने आप पर विश्वास — आत्मविश्वास

अपने आप पर विश्वास — आत्मविश्वास
अपने आप पर विश्वास हर परिस्थिति में बनाए रखिए। आत्मविश्वास सफलता और असफलता, दोनों से कहीं बड़ी चीज है।
सफलता और असफलता जीवन के दो ऐसे पक्ष हैं, जिनसे किसी का भी सरोकार हो सकता है। किंतु याद रखिए, जब तक आपके पास आत्मविश्वास रूपी पूँजी है और सच्ची नीयत से किया जाने वाला प्रयत्नरूपी श्रम आपके साथ है, तब तक दुनिया की कोई भी असफलता आपको पूरी तरह विचलित नहीं कर सकती और न ही कोई सफलता आपको अहंकार से भर सकती है।
इसलिए अपने ऊपर विश्वास बनाए रखिए। इससे कम से कम आप अपनी वर्तमान स्थिति में तो बने रहेंगे ही, लेकिन इसकी अधिक संभावना है कि आप अपनी वर्तमान स्थिति से आगे बढ़ेंगे, चाहे आपका कार्यक्षेत्र कुछ भी हो और परिस्थितियाँ कैसी भी हों।
इसके विपरीत, यदि आपका आत्मविश्वास ही समाप्त हो जाए तो यह मानकर चलिए कि आप अनजाने में स्वयं को ही पराजित करने की भूमिका तैयार कर रहे हैं। आप स्वयं अपनी संभावनाओं को सीमित करने और अपनी प्रगति का मार्ग अवरुद्ध करने लगते हैं। विडंबना यह है कि इस प्रक्रिया का आपको तत्काल बोध भी नहीं होता और धीरे-धीरे आप स्वयं अपनी पराजय के कारण बन जाते हैं।
हाँ, आत्मविश्वास का अर्थ अपनी कमियों और गलतियों को नकारना अथवा अपनी धारणाओं पर हठपूर्वक अड़े रहना नहीं है। अपनी त्रुटियों को स्वीकार करना, उनसे सीखना और आवश्यकता पड़ने पर अपनी दिशा एवं कार्य-पद्धति बदलना भी आत्मविश्वास का ही परिचायक है।
दुनिया ऐसे उदाहरणों से भरी पड़ी है, जहाँ सब कुछ खो देने के बाद भी जिन लोगों ने अपना आत्मविश्वास नहीं खोया, उन्होंने धैर्य, विवेक और निरंतर प्रयास के बल पर पहले से भी अधिक सफलता प्राप्त की।
याद रखिए, आत्मविश्वास सफलता की गारंटी नहीं है, लेकिन असफलता के बाद पुनः उठ खड़े होने की सबसे बड़ी आंतरिक शक्ति अवश्य है।
— राजीव रंजन प्रभाकर

Comments

Popular posts from this blog

साधन चतुष्टय

जिन मुश्किलों में मुस्कुराना हो मना

रामचरितमानस में पर्यावरणतत्व का दिग्दर्शन